कानपुर। औद्योगिक नगरी कानपुर को जाम मुक्त बनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने अब तक का सबसे बड़ा खाका तैयार किया है। 15 मार्च 2026 को पुलिस सभागार में आयोजित एक महत्वपूर्ण गोष्ठी में अपर पुलिस आयुक्त डॉ. विपिन ताडा और डीसीपी ट्रैफिक रवीन्द्र कुमार ने शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को पूरी तरह बदलने के लिए 30 दिवसीय कार्य योजना की घोषणा की।
28 मुख्य चौराहों की होगी ‘सर्जरी‘
पुलिस ने शहर के उन 28 चौराहों की पहचान की है जहाँ सबसे ज्यादा जाम लगता है। इसमें घंटाघर, टाटमिल, रामादेवी, नौबस्ता, जाजमऊ और रावतपुर जैसे प्रमुख इलाके शामिल हैं। इन चौराहों पर ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए सेक्टर के टीआई (TI) और टीएसआई (TSI) को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जाम के बड़े कारणों पर प्रहार

बैठक के दौरान अधिकारियों ने जाम की मुख्य वजहों को चिन्हित किया:
अवैध बस पार्किंग: फज़लगंज, विजय नगर और टाटमिल में बसों के अनियंत्रित खड़े होने पर अब सख्त कार्रवाई होगी।

अतिक्रमण और खुदाई: बर्रा बाईपास, गोविंद नगर और बिरहाना रोड पर अतिक्रमण के साथ-साथ मेट्रो व जल निगम की खुदाई के कारण लगने वाले जाम के समाधान के लिए संबंधित विभागों से तालमेल बैठाया जाएगा।
पैदल यात्रियों की भीड़: हैलेट और रावतपुर जैसे संवेदनशील इलाकों में पैदल यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए अलग रणनीति बनाई गई है।
QRT और ई-रिक्शा के लिए नए निर्देश
शहर की सड़कों पर तुरंत एक्शन के लिए QRT (Quick Response Team) का गठन किया जा रहा है। इसके अलावा, शहर में ई-रिक्शा के कारण होने वाली अव्यवस्था को रोकने के लिए कलर कोडिंग प्रक्रिया को इसी महीने 100% पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। बता दें कि अब तक 11,000 से अधिक पंजीकरण किए जा चुके हैं।
ICCC से होगी ‘तीसरी आँख’ की निगरानी

ट्रैफिक मैनेजमेंट को हाई-टेक बनाने के लिए ICCC (Integrated Command and Control Centre) का सहारा लिया जाएगा। कंट्रोल रूम के माध्यम से पुलिस अपराध और ट्रैफिक दोनों पर नजर रखेगी। साथ ही, अब फील्ड अधिकारियों के काम की मासिक समीक्षा (Monthly Review) होगी, ताकि लापरवाही की कोई गुंजाइश न रहे।
घंटाघर के लिए बनी स्पेशल टीम
कानपुर के सबसे व्यस्त ‘घंटाघर’ क्षेत्र में स्थायी समाधान निकालने के लिए एक विशेष समन्वय टीम बनाई गई है। यह टीम अन्य विभागों जैसे नगर निगम और रोडवेज के साथ मिलकर बस पार्किंग और ओवरब्रिज निर्माण जैसे प्रस्तावों पर तेजी से काम करेगी।





