कानपुर में अमन और भाईचारे के साथ अदा हुई ईद की नमाज
ईद-उल-फितर के पावन अवसर पर शनिवार को कानपुर की सभी ईदगाहों और मस्जिदों में हजारों नमाजियों ने नमाज अदा की। प्रशासन की सख्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच कानपुर में ईद की नमाज पूरी तरह शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न हुई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और देश में अमन-चैन की दुआ की।
मुख्य ईदगाह पर पहुंचे पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी
शहर की प्रमुख ईदगाह में पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल, जितेंद्र प्रताप सिंह और अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. विपिन ताडा मौजूद रहे। अधिकारियों ने नमाज अदा करने पहुंचे लोगों और बच्चों से मुलाकात कर उन्हें ईद-उल-फितर की शुभकामनाएं दीं और आपसी सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया।
चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर
ईद के मद्देनजर शहर की प्रमुख ईदगाहों और मस्जिदों के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए थे। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को मुस्तैदी, सतर्कता और अनुशासन के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए गए थे, जिससे कानपुर में ईद की नमाज पूरी तरह सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सकी।
शहर में दिखा त्योहार का उल्लास
नमाज के बाद बाजारों और गलियों में ईद की रौनक देखने को मिली। बच्चों और युवाओं में खास उत्साह नजर आया, जबकि लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की खुशियां साझा कीं।





