चौराहों और बाजारों में ठंडे पानी की व्यवस्था, राहगीरों को मिल रही बड़ी राहत
सिकंदरा/कानपुर देहात, 6 मई।
भीषण गर्मी के बीच सिकंदरा विधानसभा क्षेत्र में सामाजिक कार्यकर्ता दीक्षा यादव द्वारा जनहित में एक सराहनीय पहल की गई है। उनके प्रयास से क्षेत्र के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर पानी के प्याऊ स्थापित किए गए हैं, जिससे लोगों को तेज गर्मी में राहत मिल रही है।
मेन चौराहा, बिरहाना चौराहा, पटेल नगर चौक और संदलपुर मार्केट जैसे व्यस्त स्थानों पर लगाए गए इन प्याऊ से राहगीरों, दुकानदारों और आम नागरिकों को ठंडा पानी उपलब्ध हो रहा है। बढ़ते तापमान के बीच यह सुविधा लोगों के लिए काफी मददगार साबित हो रही है।
स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की जमकर सराहना की है। लोगों का कहना है कि इस तरह के सामाजिक कार्य न केवल जरूरतमंदों की सहायता करते हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक सोच और सेवा की भावना को भी बढ़ावा देते हैं।
दीक्षा यादव ने कहा कि समाज सेवा के लिए किसी पद या शक्ति की आवश्यकता नहीं होती, बल्कि सच्ची नीयत और सेवा भाव ही सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने बताया कि “एक उम्मीद” संस्था के माध्यम से कई लोग जुड़कर लगातार सामाजिक कार्यों को आगे बढ़ा रहे हैं, जिससे क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।
इसी क्रम में उन्होंने डेरापुर ब्लॉक के ग्राम परौख में जनसंपर्क अभियान के अंतिम दिन लोगों से संवाद किया। साथ ही अंतापुर निवासी आदेश कटियार के परिवार और पहलवान संखवार के परिवार से मिलकर शोक संवेदनाएं भी व्यक्त कीं।
इस दौरान मंजीत यादव (प्रदेश उपाध्यक्ष), प्राची कटियार (जिला अध्यक्ष महिला प्रकोष्ठ), लरैब नकवी (जिला अध्यक्ष अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ), अवधेश यादव व शाहरुख खान (जिला सचिव), पवन चौहान (प्रभारी, सिकंदरा विधानसभा), रामदास गौतम (अध्यक्ष), अभिषेक गुप्ता (समाजसेवी), कुशल गुप्ता , पप्पू यादव , पिंटू यादव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
