कानपुर में पनकी कल्याणपुर नहर पुल चौराहा बना नशे और अपराध का गढ़, दहशत में स्थानीय लोग

पनकी पावर हाउस नहर चौराहा बना नशे और अपराध का गढ़, हर गुजरते कदम के साथ बढ़ रहा है डर।

info plush
3 Min Read

 पनकी पावर हाउस कल्याणपुर नहर पुल बना असुरक्षा का प्रतीक

कानपुर। पनकी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाला पनकी – कल्याणपुर नहर चौराहा इन दिनों नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों के कारण सुर्खियों में है। कभी सामान्य आवागमन का केंद्र रहा यह इलाका अब स्थानीय लोगों के लिए भय और असुरक्षा का कारण बन गया है। दिन के उजाले से लेकर देर रात तक पुल के नीचे और आसपास संदिग्ध युवकों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे क्षेत्र का माहौल लगातार बिगड़ता जा रहा है।

पुल के नीचे बने नशे के स्थायी अड्डे, जंगल में बिखरी सैकड़ों सिरिंजें

स्थानीय लोगों के अनुसार, नहर पुल के नीचे नशेड़ियों ने बाकायदा अपने ठिकाने बना लिए हैं। यहां खुलेआम शराब, गांजा और अन्य मादक पदार्थों का सेवन किया जाता है। स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि पास के अरमापुर जंगल क्षेत्र में बड़ी संख्या में इस्तेमाल की गई सिरिंजें और सुइयां पड़ी मिली हैं, जो नशीले इंजेक्शनों के व्यापक उपयोग की ओर संकेत करती हैं।

महिलाओं, छात्राओं और राहगीरों से अभद्रता

नशे की हालत में कुछ युवक राह चलती महिलाओं, छात्राओं और बच्चों पर फब्तियां कसते हैं और अभद्र व्यवहार करते हैं। विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट की नौबत आ जाती है। इससे क्षेत्र से गुजरने वाले लोगों, विशेषकर महिलाओं और परिवारों, में गहरी चिंता और असुरक्षा की भावना है।

नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की बढ़ती वारदातें

दुकानदारों और स्थानीय निवासियों का आरोप है कि संदिग्ध युवक दिन में क्षेत्र की रेकी करते हैं और रात होते ही दुकानों, घरों तथा औद्योगिक क्षेत्रों को निशाना बनाते हैं। चोरी किए गए सामान को कबाड़ियों के माध्यम से बेचने की बात भी सामने आई है। लगातार बढ़ती घटनाओं ने व्यापारियों और नागरिकों की चिंता बढ़ा दी है।

जुए का फड़ और संदिग्ध गतिविधियों से बढ़ा खतरा

मंदिर के पुजारियों के अनुसार, चार से पांच युवकों का एक सक्रिय समूह अक्सर पुल के नीचे बैठकर नशा करता है। नहर किनारे झाड़ियों में जुए के फड़ लगाए जाने की भी शिकायत है। हाल ही में रात के समय एक संदिग्ध स्कूटी लावारिस अवस्था में मिलने से क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों की आशंका और गहरा गई है।

क्षेत्रवासियों की मांग, पुलिस करे तत्काल सख्त कार्रवाई

स्थानीय दुकानदारों, मंदिर के पुजारियों और निवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि पनकी नहर चौराहा नशे और अपराध का गढ़ बनती इस समस्या पर तुरंत प्रभावी कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि समय रहते कठोर कदम नहीं उठाए गए तो क्षेत्र में बड़ी आपराधिक घटनाएं हो सकती हैं।

Share This Article
Leave a comment