कानपुर में नाबालिग से गैंगरेप मामले में बड़ा एक्शन
कानपुर कमिश्नरेट पुलिस ने सचेंडी थाना क्षेत्र में नाबालिग किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी दरोगा अमित कुमार मौर्य को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह पिछले करीब पांच महीने से पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहा था।
इस मामले में आरोपी के साथ शामिल यूट्यूबर शिवबरन सिंह को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी। वहीं मुख्य आरोपी दरोगा लगातार फरारी काट रहा था।
स्कॉर्पियो में अगवा कर वारदात को दिया था अंजाम
पीड़िता के आरोप के अनुसार, जनवरी की रात वह घर के बाहर निकली थी, तभी काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार दो लोगों ने उसे जबरन कार में बैठा लिया। आरोप है कि दोनों आरोपी किशोरी को सुनसान इलाके में ले गए, जहां बंद गाड़ी के अंदर उसके साथ घंटों तक दरिंदगी की गई।
घटना के बाद आरोपी देर रात पीड़िता को उसके घर के पास छोड़कर फरार हो गए थे। घर पहुंचने पर किशोरी ने परिजनों को पूरी घटना बताई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
जांच में सामने आया दरोगा का नाम
पुलिस जांच के दौरान सामने आया कि वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो आरोपी दरोगा अमित मौर्य की थी। जांच में यह भी पता चला कि आरोपी ने अपने साथी शिवबरन सिंह के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की थीं। लंबे समय तक फरार रहने के चलते आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
एडीसीपी ने दी गिरफ्तारी की जानकारी
अपर पुलिस आयुक्त अपराध/मुख्यालय संकल्प शर्मा ने बताया कि जनवरी में दर्ज नाबालिग अपहरण और यौन उत्पीड़न मामले में दो आरोपी सामने आए थे। एक आरोपी को पहले ही जेल भेजा जा चुका था, जबकि दूसरे आरोपी अमित कुमार मौर्य को अब गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
