कानपुर। हनुमान जयंती के अवसर पर पनकी स्थित प्रसिद्ध मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। यह व्यवस्था 2 अप्रैल 2026 को सुबह 6 बजे से लागू रहेगी। इस दौरान कई मार्गों पर रूट डायवर्जन किया जाएगा और वाहनों के लिए अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
श्रद्धालुओं के लिए तय किए गए अलग-अलग मार्ग
कानपुर देहात की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं को भौती बाईपास होते हुए पनकी क्षेत्र तक पहुंचने की अनुमति होगी। यहां से श्रद्धालु गंगागंज क्रॉसिंग के रास्ते मंदिर तक जा सकेंगे। इस मार्ग पर आने वाले वाहनों के लिए स्टेशन रोड तिराहा और गंगागंज मार्ग के आसपास पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
हमीरपुर, फतेहपुर और उन्नाव की दिशा से आने वाले भक्त घटियाघाट, रामादेवी, नौबस्ता और विजय नगर होते हुए भाटिया तिराहा से मंदिर की ओर पहुंचेंगे। इस मार्ग से आने वाले लोग अपने वाहन MIG तिराहा और पनकी थाना मार्ग के आसपास पार्क कर सकेंगे।
वहीं कन्नौज, फर्रुखाबाद और कानपुर देहात की तरफ से आने वाले श्रद्धालुओं को कल्याणपुर और आवास विकास नहर पनकी होते हुए सब्जी मंडी तिराहा स्थित रामलीला मैदान में वाहन खड़ा करने की सुविधा दी गई है। यहां से पैदल मंदिर तक जाया जा सकेंगे।
शिवली और रसूलाबाद मार्ग से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए शताब्दी नगर रोड के किनारे वाहन खड़ा करने की व्यवस्था की गई है।
इन मार्गों पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन
हनुमान जयंती के दिन कई स्थानों पर भारी और मध्यम वाहनों के आवागमन पर रोक लगाई जाएगी।
कल्याणपुर से पनकी नहर की ओर जाने वाला ट्रैफिक शताब्दी द्वार की तरफ नहीं जा सकेगा।
पनकी रोड चौकी क्षेत्र से भारी वाहन पनकी नहर की ओर नहीं जाएंगे।
भाटिया तिराहा से पनकी मंदिर की दिशा में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
कालपी रोड से आने वाले भारी वाहन पनकी धाम स्टेशन के रास्ते मंदिर की ओर नहीं जा सकेंगे।
नारायणा कॉलेज चौराहे से शताब्दी द्वार की ओर भी वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी।
गंगागंज क्रॉसिंग और भौती बाईपास क्षेत्र में भी भारी वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा।
यहां बनाई गई पार्किंग व्यवस्था
यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कई स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की है। इनमें मुख्य रूप से शताब्दी रोड, रतनपुर रोड, सब्जी मंडी रोड, रामलीला मैदान, पनकी थाना मार्ग, कमल मेमोरियल स्कूल, कछुआ तालाब रोड और गंगागंज क्रॉसिंग के आसपास के क्षेत्र शामिल हैं।
इसके अलावा मंदिर के पश्चिमी द्वार के पास वीवीआईपी और आवश्यक सेवाओं के लिए अलग पार्किंग रखी गई है।
जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर
यातायात व्यवस्था से जुड़ी किसी भी समस्या या जानकारी के लिए नागरिक ट्रैफिक कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।
☎️ ट्रैफिक कंट्रोल रूम: 9305104340
☎️ ट्रैफिक हेल्पलाइन: 9305104387
एम्बुलेंस को रास्ता देने की अपील
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि सड़क पर चल रही एम्बुलेंस को प्राथमिकता दें और उसे तुरंत रास्ता उपलब्ध कराएं, ताकि आपात स्थिति में किसी की जान बचाई जा सके।





