गंगा एक्सप्रेस-वे उद्घाटन से पहले कानपुर में ट्रैफिक डायवर्जन, भारी वाहनों के रूट बदले

उद्घाटन से पहले सख्ती—गंगा एक्सप्रेस-वे को लेकर कानपुर में ट्रैफिक का नया प्लान लागू

info plush
2 Min Read

कानपुर। गंगा एक्सप्रेस-वे के लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर कानपुर में ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। 29 अप्रैल 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हरदोई के मल्लावां में एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन प्रस्तावित है, जिसे देखते हुए शहर में सुरक्षा और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने विशेष डायवर्जन प्लान लागू किया है।

यह व्यवस्था 28 अप्रैल की शाम 6 बजे से शुरू होकर 29 अप्रैल की रात तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान खासतौर पर नानामऊ से बांगरमऊ होते हुए हरदोई जाने वाले भारी वाहनों के रूट में बदलाव किया गया है।

बिल्हौर और अरोल मार्ग पर बदलाव

बिल्हौर की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को अब नानामऊ तिराहे से आगे जाने की अनुमति नहीं मिलेगी। इन्हें चौबेपुर से मोड़कर बिठूर और परियर पुल के रास्ते भेजा जाएगा। वहीं, अरोल की दिशा से आने वाले वाहन नानामऊ से यू-टर्न लेकर लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे या शिवराजपुर-चौबेपुर मार्ग का उपयोग कर सकेंगे।

होल्डिंग एरिया में रोके जाएंगे वाहन

यातायात दबाव को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने कई होल्डिंग एरिया तैयार किए हैं। जरूरत पड़ने पर भारी वाहनों को मकनपुर रेलवे क्रॉसिंग, अरोल कट के पास एक्सप्रेस-वे और फूड प्लाजा के पीछे बनाए गए पार्किंग स्थलों पर रोका जाएगा। इन स्थानों पर करीब 500 वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

इमरजेंसी सेवाओं को राहत

एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और जरूरी सामान ले जाने वाले वाहनों को इस डायवर्जन से छूट दी गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आपातकालीन सेवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी और उनके आवागमन में कोई बाधा नहीं आने दी जाएगी।

हेल्पलाइन नंबर जारी

नागरिकों की सुविधा के लिए ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर 9305104340 और 9305104387 जारी किए गए हैं। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे नए ट्रैफिक नियमों का पालन करें और सड़क पर एम्बुलेंस को प्राथमिकता दें, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी भी तरह की असुविधा से बचा जा सके।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version