कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में हुई चैन लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से लूटी गई सोने की चैन बेचकर मिले रुपये भी बरामद किए हैं। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त के निर्देशन और सहायक पुलिस आयुक्त सुमेध मिलिंद जाधव के नेतृत्व में की गई।
फल खरीदते समय महिला बनी थी लूट की शिकार
जानकारी के अनुसार 3 मार्च 2026 को बम्बा रोड निवासी कुसुम तिवारी महाराणा प्रताप स्कूल के पास फल खरीद रही थीं। उसी समय स्कूटी पर सवार दो युवकों ने अचानक उनके गले से सोने की चैन झपट ली और मौके से फरार हो गए।
पीड़िता की शिकायत के आधार पर थाना कल्याणपुर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
ऑपरेशन त्रिनेत्र के कैमरों से मिली अहम जानकारी
कानपुर चैन स्नैचिंग केस की जांच के दौरान पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत लगे सीसीटीवी कैमरों और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद ली। जांच में घटना में प्रयुक्त स्कूटी नंबर UP78 EU 9089 और दोनों आरोपियों की पहचान सामने आई।
पुलिस मुठभेड़ में एक आरोपी पहले ही हो चुका था गिरफ्तार
11 मार्च 2026 को पुलिस चेकिंग के दौरान संदिग्धों को रोकने की कोशिश की गई तो आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी अमित कुमार घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया था।
फरार आरोपी आदित्य सोनकर भी पुलिस की गिरफ्त में
लगातार तलाश के बाद पुलिस ने दूसरे आरोपी आदित्य सोनकर उर्फ गोविन्द को 23 मार्च 2026 को गंगा वैली अपार्टमेंट के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने लूटी गई सोने की चैन बेच दी थी। पुलिस ने उसके पास से 2400 रुपये बरामद किए हैं।
आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी आदित्य सोनकर के खिलाफ पहले से कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। उस पर लूट और अन्य धाराओं में करीब 10 मुकदमे बर्रा, नौबस्ता, गोविंदनगर, रावतपुर और कल्याणपुर थानों में दर्ज हैं।
इन पुलिसकर्मियों ने की कार्रवाई
आरोपी की गिरफ्तारी में थाना कल्याणपुर की पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। इस टीम में चौकी प्रभारी पनकी रोड उपनिरीक्षक विपिन मोरल, उपनिरीक्षक मनमोहन सिंह, कांस्टेबल मोहित कुमार और कांस्टेबल भीमसेन शामिल रहे।
