कानपुर मासूम हत्याकांड:11 साल की बच्ची की हत्या कर खेत में गाड़ा शव, पड़ोसी हिरासत में,Kanpur Minor Murder Case

उत्तर प्रदेश के कानपुर से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बिधनू थाना क्षेत्र में एक 11 वर्षीय मासूम बच्ची की निर्मम हत्या कर दी गई। दरिंदगी का आलम यह था कि हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के लिए आरोपी ने बच्ची के शव को गेहूं के खेत में दफन कर दिया। शव निर्वस्त्र अवस्था में मिलने से दुष्कर्म की प्रबल आशंका जताई जा रही है।

बकरियां चराने गई थी मासूम, घर नहीं लौटी

​जानकारी के अनुसार, कक्षा 5 में पढ़ने वाली यह बच्ची सोमवार शाम को घर से बकरियां चराने के लिए खेतों की तरफ निकली थी। जब अंधेरा होने के बाद भी वह घर वापस नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी जब सुराग नहीं मिला, तो पुलिस को सूचित किया गया। पूरी रात परिजन और ग्रामीण बच्ची को ढूंढते रहे, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला।

खेत में ताजी मिट्टी ने खोला राज

​मंगलवार सुबह परिजनों की नजर घर से करीब 300 मीटर दूर एक खेत में ताजी खुदी हुई मिट्टी पर पड़ी। अनहोनी की आशंका के बीच जब मिट्टी हटाई गई, तो अंदर का दृश्य देखकर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। गड्ढे के भीतर बच्ची का निर्वस्त्र शव दबा हुआ था। शरीर पर चोट के निशान और निजी अंगों की स्थिति देखकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया।

पड़ोसी युवक पर लगा आरोप, पुलिस ने दबोचा

​परिजनों ने अपने ही पड़ोस में रहने वाले एक युवक पर मासूम के साथ दरिंदगी और हत्या का आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल पुलिस कमिश्नर (L&O) विपिन ताडा भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स के साथ मौके पर पहुंचे।

​मामला बेहद गंभीर है। परिजनों की तहरीर और शक के आधार पर पड़ोसी युवक को हिरासत में ले लिया गया है। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।” — विपिन ताडा, एडिशनल सीपी

​पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

​पुलिस के मुताबिक, प्रथम दृष्टया यह मामला दुष्कर्म के बाद हत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। फिलहाल गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और आरोपी से कड़ी पूछताछ जारी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *