परौख में बिजली संकट छः दिन से बिजली गुल, 42 परिवार अंधेरे में रहने को मजबूर

अंधेरे में डूबे 42 घर, अब बिजली विभाग के खिलाफ गांव में उबल रहा गुस्सा।

info plush
3 Min Read

ट्रांसफार्मर खराब होने से बढ़ी परेशानी, “एक उम्मीद” संस्था ने दी आंदोलन की चेतावनी

कानपुर देहात के सिकंदरा विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत परौख में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। वार्ड संख्या 1 और 2 के करीब 42 घर पिछले छह दिनों से अंधेरे में डूबे हुए हैं। लगातार बिजली न आने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।

ग्रामीणों के मुताबिक गांव में लगा 10 केवी ट्रांसफार्मर बार-बार खराब हो रहा है, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। भीषण गर्मी और उमस के बीच छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और ग्रामीणों ने बताया कि 10 केवी ट्रांसफार्मर की जगह पर बड़ा ट्रांसफार्मर रखने की जरूरत है जिससे आए दिन ट्रांसफार्मर खराब होने की समस्या से निजात मिल सके।

वही ग्रामीणों ने बताया कि डेरापुर सब स्टेशन के जेई और बिजली विभाग के अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। लगातार अनदेखी से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

संस्था ने मौके पर पहुंचकर सुनी ग्रामीणों की समस्या

मामले की जानकारी मिलने पर “एक उम्मीद जन कल्याण सेवा समिति” के पदाधिकारी गांव पहुंचे। संस्था के सिकंदरा विधानसभा प्रभारी पवन चौहान ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके से ही बिजली विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया।

हालांकि अधिकारियों की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संस्था ने नाराजगी जताई और जल्द समाधान की मांग उठाई।

24 घंटे में समाधान नहीं तो होगा प्रदर्शन

पवन चौहान ने कहा कि यदि 24 घंटे के भीतर परौख बिजली संकट का समाधान नहीं किया गया तो डेरापुर सब स्टेशन का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता की समस्या को लेकर संस्था हर स्तर पर संघर्ष करेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि जब पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के गृह क्षेत्र में बिजली व्यवस्था का यह हाल है, तो बाकी गांवों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।

मौके पर मौजूद प्रमुख लोग

अयूब खान, मोनू अग्निहोत्री, संतोष शुक्ला, धर्मेंद्र राजावत, महेश सविता, विजय सिंह, नजमा बेगम, मूसरीना बेगम, चंदा देवी, बलवान सिंह यादव ( पूर्व प्रधान ) , छोटे सिंह राजावत समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version