कानपुर के फीलखाना थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ पत्नी के साथ अवैध संबंधों के संदेह में एक व्यक्ति ने दूसरे युवक पर तेजाब (एसिड) से जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला ?
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित की पहचान 38 वर्षीय शाहिद के रूप में हुई है, जो पटकापुर स्थित एक चप्पल कारखाने में कार्यरत है। बुधवार शाम करीब 4 बजे जब शाहिद अपने घर के बाहर खड़ा था, तभी जाजमऊ का रहने वाला आरोपी गुलफाम वहाँ पहुँचा। दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई और देखते ही देखते गुलफाम ने शाहिद के चेहरे पर तेजाब फेंक दिया।
भीड़ ने आरोपी को सिखाया सबक
एसिड गिरते ही शाहिद दर्द से चीखने लगा, जिसे सुनकर स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। हमले के बाद गुलफाम ने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद भीड़ ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। पुलिस के आने से पहले लोगों ने आरोपी की जमकर धुनाई की और फिर उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा पीड़ित
सूचना मिलते ही डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने घायल शाहिद को तत्काल उर्सला अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ उसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है। डॉक्टरों की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही है।
पुरानी रंजिश और शक बनी वजह
अस्पताल में पीड़ित शाहिद ने बताया कि गुलफाम पिछले कई महीनों से उसे परेशान कर रहा था। दरअसल, गुलफाम को शक था कि शाहिद के उसकी पत्नी के साथ अवैध संबंध हैं। शाहिद के मुताबिक, गुलफाम का अपनी पत्नी से पहले ही विवाद चल रहा था और कुछ समय पहले जाजमऊ में किराए पर कमरा लेने के बाद से गुलफाम का शक यकीन में बदल गया, जिसके बाद उसने इस खौफनाक वारदात की साजिश रची।
पुलिस की कार्रवाई
डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है
