कानपुर के बिधनू थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मजदूरों को लेकर जा रही एक प्राइवेट बस डंपर से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों व ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर दिया।
फैक्ट्री जा रहे थे सभी मजदूर
जानकारी के अनुसार बस में करीब 21 मजदूर सवार थे, जो रानियां क्षेत्र स्थित फैक्ट्री में काम करने के लिए जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बस और डंपर दोनों तेज रफ्तार में थे। अचानक हुई जोरदार टक्कर के बाद चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन सीधे सड़क किनारे नहर में जा समाया।
पुलिस और ग्रामीणों ने चलाया रेस्क्यू अभियान
घटना की सूचना मिलते ही बिधनू पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों ने मिलकर बस में फंसे सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला। मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम और क्रेन भी बुलाई गई, जिसके जरिए बस को नहर से बाहर निकालने का प्रयास किया गया।
कई मजदूर घायल, अस्पताल में भर्ती
हादसे में कुछ मजदूरों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि कई लोगों को मामूली चोटें बताई जा रही हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी सीएचसी और अस्पताल भेजा गया है। डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
हादसे के बाद हाईवे पर लगा जाम
दुर्घटना के चलते हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर यातायात व्यवस्था संभालते हुए वाहनों को धीरे-धीरे निकलवाना शुरू किया। बिधनू थाना प्रभारी तेजबहादुर सिंह ने बताया कि सभी मजदूरों को सुरक्षित निकाल लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
