कानपुर। शहर में नशे के जाल को तोड़ने के लिए कानपुर पुलिस की ड्रग्स पर कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में जॉइंट पुलिस कमिश्नर डॉ. विपिन ताडा के निर्देशन में पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस टीम ने दो पुरुष और एक महिला अभियुक्त को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 50 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। यह गिरोह ओडिशा और छत्तीसगढ़ के रास्ते ट्रेन और बसों के जरिए कानपुर में नशीले पदार्थों की तस्करी कर रहा था।
ड्रग्स नेटवर्क पर पुलिस का कड़ा प्रहार
एडिशनल डीसीपी SOG सुमित रामटेके के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच और थाना रावतपुर की टीम द्वारा की गई कानपुर पुलिस की ड्रग्स पर कार्रवाई में मुख्य सरगना अकबर (निवासी उन्नाव) को दबोचा गया है। पूछताछ में सामने आया कि अकबर साल 2017 से ओडिशा के तस्करों के संपर्क में था और कानपुर में फुटकर विक्रेताओं का एक बड़ा नेटवर्क संचालित कर रहा था। पुलिस अब इस पूरे सप्लाई चेन को जड़ से खत्म करने में जुटी है।
तस्करी के रूट और मोडस ऑपेरंडी का खुलासा
कानपुर पुलिस की ड्रग्स पर कार्रवाई के दौरान तस्करी के दो मुख्य रास्तों का पता चला है। पहला रूट ओडिशा से छत्तीसगढ़ होते हुए कानपुर तक आता है, जबकि दूसरा रूट नेपाल के रास्ते उत्तर प्रदेश में प्रवेश करता है। जेसीपी विपिन ताडा ने बताया कि तस्कर अक्सर सार्वजनिक परिवहन जैसे बस और ट्रेन का सहारा लेते हैं, जिसे देखते हुए जीआरपी और आरपीएफ के साथ समन्वय स्थापित कर चेकिंग अभियान को और भी सख्त कर दिया गया है।
युवाओं को बचाने के लिए विशेष अभियान
शिक्षण संस्थानों और हॉस्टलों के आसपास कानपुर पुलिस की ड्रग्स पर कार्रवाई को और भी सघन बनाया गया है। डॉ. ताडा के अनुसार, पुलिस का प्राथमिक उद्देश्य नई पीढ़ी को नशे के दलदल से बाहर निकालना है। इसी रणनीति के तहत स्कूलों, कॉलेजों और ढाबों के पास निगरानी बढ़ाई गई थी, जिससे इस गैंग का सुराग मिला। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ अब गैंगस्टर एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी और उनकी हिस्ट्रीशीट भी खोली जाएगी।
नशा मुक्ति अभियान के बड़े नतीजे
पिछले कुछ समय में कानपुर पुलिस की ड्रग्स पर कार्रवाई के आंकड़े बेहद प्रभावशाली रहे हैं। पुलिस ने अब तक NDPS एक्ट के तहत 60 से अधिक मुकदमे दर्ज कर 75 से अधिक अभियुक्तों को जेल भेजा है। इस दौरान लगभग 500 किलो गांजा, 23 किलो चरस और भारी मात्रा में कोकीन व स्मैक बरामद की गई है। पुलिस का यह अभियान आने वाले दिनों में और भी तेज होने की उम्मीद है।
