उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से एक ह्रदयविदारक खबर सामने आई है। मंगलवार तड़के पनकी थाना क्षेत्र के सरायमीता ओवरब्रिज पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया, नासिक ( महाराष्ट्र ) से अयोध्या के रास्ते नेपाल की धार्मिक यात्रा पर जा रहे 57 तीर्थयात्रियों से भरी एक टूरिस्ट बस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे डंपर में जा घुसी। इस टक्कर में बस के परखच्चे उड़ गए और चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
तेज रफ्तार और अचानक ब्रेक बनी हादसे की वजह

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह कानपुर सड़क हादसा उस समय हुआ जब बस कानपुर-दिल्ली नेशनल हाईवे से गुजर रही थी, प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ओवरब्रिज पर बस के आगे चल रहे एक डंपर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए.. रफ्तार तेज होने के कारण बस चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका और बस सीधे डंपर के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घायलों की स्थिति और राहत कार्य
हादसे की सूचना मिलते ही पनकी थाना प्रभारी मनोज भदौरिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया।
कुल यात्री: बस में 57 श्रद्धालु सवार थे।
हताहत: चालक की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।
घायल: लगभग 30 से 40 यात्री घायल हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हैलट अस्पताल रेफर किया गया है।
गंभीर स्थिति: घायलों में से तीन यात्रियों की हालत बेहद चिंताजनक बनी हुई है।
महाराष्ट्र के रहने वाले हैं सभी तीर्थयात्री
बताया जा रहा है कि इस कानपुर सड़क हादसा का शिकार हुए सभी लोग महाराष्ट्र के नासिक जिले के निवासी हैं। ये सभी श्रद्धालु एक लंबी धार्मिक यात्रा पर निकले थे। इनका कार्यक्रम नासिक से चलकर अयोध्या में रामलला के दर्शन करने के बाद नेपाल जाने का था। पुलिस ने मृतक चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उनके परिजनों को सूचित कर दिया गया है।